एलर्जी से परेशान? डॉक्‍टर से जानिये जवाब

एलर्जी से परेशान? डॉक्‍टर से जानिये जवाब

सेहतराग टीम

ठंड के मौसम में लोग कई तरह की एलर्जी से परेशान रहते हैं। इस मौसम में लोगों को ठंड से हाथ पैरों में सूजन की समस्‍या जबकि सांस नली की एलर्जी, कंबल से एलर्जी जैसी कई समस्‍याएं होती हैं। इस आलेख में हम कुछ चुनिंदा सवालों के डॉक्‍टर द्वारा प्रस्‍तुत जवाब दे रहे हैं।

 

प्रश्‍न: मेरी अंगुलियां सूज गई हैं और उनमें दर्द और खुजली भी होती है। क्‍या कारण हो सकता है?

उत्‍तर: ठंड के मौसम में कुछ लोगों के हाथ-पैरों की अंगुलियों में सूजन आ जाती है। उनमें खुजली और दर्द भी होता है। उनका ठंड से बचाव करना चाहिए और फीजिशियन की देख रेख में एलर्जी शामक व रक्‍त संचार बढ़ाने वाली दवाएं ली जा सकती हैं। यह जोड़ों की बीमारी रुमेटाइड आर्थरा‍इटिस यानी गठिया की शुरुआत का लक्षण भी हो सकता है इसलिए विशेषज्ञ की निगरानी में खून की जांच और एक्‍स रे करवा लें।

 

प्रश्‍न: अधोवस्‍त्रों यानी अंडरगारमेंट्स के इलास्टिक से खुजली होती है। क्‍या कारण हो सकता है?

उत्‍तर: एलर्जी के अलावा संबंधित भाग के कसने के कारण ये लक्षण होता है। झिरटेक नामक 10 मिलीग्राम की एक गोली रोज लें। खुजली वाले भाग में वेटनोवेट नामक मरहम सुबह-शाम लगाएं। कसे इलास्टिक वाले अंडरगारमेंट्स न पहनें।

 

प्रश्‍न: पैरों की अंगुलियों के बीच में बहुत अधिक खुजली होती है। खुजलाने पर राहत मिलती है मगर बाद में जलन होती है। पानी लगने से खुजली शुरू होती है।

उत्‍तर: इस प्रकार के लक्षण कई चर्म रोगों में पाए जाते हैं मगर उनका इलाज अलग-अलग होता है। कुछ जांचों से यह पता चल सकता है कि ये चर्म रोग है या किसी एलर्जी के कारण खुजली हो रही है। जांच होने तक प्रभावित भाग को पानी से बचाकर रखें।

 

प्रश्‍न: एक माह में दो से तीन बार जुकाम हो जाता है। पहले तरल और बाद में गाढ़ा पीला सा पदार्थ निकलता है। क्‍या उपाय करूं?

उत्‍तर: संभवत: आपकी समस्‍या का कारण एलर्जी है। तरल की जांच और कल्‍चर जांच करवाएं। साइनस का भी एक्‍स रे कराएं। तरल का पीला होना संक्रमण का सूचक है। इन जांचों के बाद नाक-कान-गला यानी ईएनटी विशेषज्ञ को दिखाएं।

 

प्रश्‍न: छींकें बहुत आती हैं। एक बार छींक आने के बाद दो-तीन मिनट तक लगातार छींकें आती रहती हैं।

उत्‍तर: इस प्रकार छींकें आने के कई कारण हो सकते हैं, जैसे: एलर्जी या नाक के संक्रमण के कारण भी छींकें आ सकती हैं। नाक में जब तरल एकत्र हो जाता है तो उससे भी छींकें आ सकती हैं क्‍योंकि शरीर छींक के द्वारा इस तरल से मुक्ति पाने की कोशिश करता है। इसलिए तत्‍काल जांच की जरूरत है।

(ये आलेख प्रो. (डॉ.) एम.पी. श्रीवास्‍तव और डॉक्‍टर संजय श्रीवास्‍तव की किताब सवाल आपके जवाब डॉक्‍टर के से साभार लिया गया है। ये किताब प्रभात प्रकाशन से मंगवाई जा सकती है।)

इसे भी पढ़ें

अगर है ऊन से एलर्जी तो बचने के ये उपाय जान लें

सर्दियों में बार-बार होने वाली बीमारियां, इनसे ऐसे बचें

हर व्यक्ति को किसी न किसी चीज से एलर्जी होती है, इसलिए जानें कारण, लक्षण व बचाव के उपाय

 

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।